हापुड़ में लापता किशोरी की तलाश:हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, पुलिस ने 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया


हापुड़ में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र से 28 मई से लापता 15 वर्षीय किशोरी की बरामदगी को लेकर सोमवार को हिंदू संगठनों ने कोतवाली परिसर में प्रदर्शन किया। हिंदू जागरण मंच, बजरंग दल और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया। परिजनों का आरोप है कि गांव की रहने वाली किशोरी को शहर का एक युवक अपने साथ ले गया है। घटना के कई दिन बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार चिंता में है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया और धार्मिक नारे लगाए। संगठन पदाधिकारियों ने नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि परिवार को अब तक न्याय नहीं मिल सका है। हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष पवन तोमर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किशोरी की सकुशल बरामदगी और परिवार को न्याय दिलाना है। प्रदर्शन में अजय तिवारी, रवि शर्मा, सौरभ चौहान, अर्जुन तोमर, अरुण तोमर, पवन राणा, कुणाल, राजेश तोमर, सुमित, अमित राघव, अजय राघव, मोहित राणा, गोलू और सचिन शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कोतवाली प्रभारी अतुल चौहान ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस की टीमें लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हैं। उन्होंने मामले में 24 घंटे के भीतर प्रगति होने का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *