![]()
हाथरस के राजकीय वृद्धाश्रम में ‘मेरा युवा भारत’ और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन पांच दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ELP) का हिस्सा था। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच संवाद, सहभागिता और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देना है, जिससे युवाओं में सेवा, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित हो सके। कार्यक्रम के दौरान युवा स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के लिए विभिन्न मनोरंजक और सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया। इनमें विशेष रूप से नींबू-चम्मच रेस शामिल थी, जिसमें वरिष्ठ नागरिकों ने अत्यंत उत्साह और प्रसन्नता के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी और आनंद स्पष्ट रूप से देखा गया। युवाओं ने भी वरिष्ठ नागरिकों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ आत्मीय समय बिताया। इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में समूह संवाद, हल्की मनोरंजक गतिविधियां और गीत-संगीत का भी आयोजन किया गया। युवाओं ने वृद्धजनों के साथ बैठकर उनके जीवन के अनुभवों, पुरानी यादों और सामाजिक जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को जीवन में अनुशासन, धैर्य और संस्कारों के महत्व के बारे में बताया। इस दौरान वृद्धाश्रम में एक आत्मीय और पारिवारिक वातावरण देखने को मिला। युवाओं ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ मिलकर देशभक्ति गीत और पुराने प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा माहौल भावनात्मक और आनंदमय बन गया। जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित यह अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को न केवल सामाजिक सेवा से जोड़ रहा है, बल्कि उन्हें समाज के वरिष्ठ और अनुभवी नागरिकों से सीखने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। यह रहे मुख्य रूप से मौजूद… कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों ने बताया कि वृद्धजनों के साथ समय बिताना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करती हैं। इस अवसर पर दीपिका, बेबी, अंबे, सौरभ, संदीप और सूरज सहित कई अन्य युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
Source link
हाथरस वृद्धाश्रम में युवाओं ने वृद्धजनों संग मनाया कार्यक्रम:'मेरा युवा भारत' के प्रशिक्षण में नींबू-चम्मच रेस और संवाद