दहेज में 2 लाख रुपए और बाइक की मांग:मारपीट, जान से मारने और तेजाब डालने की धमकी का आरोप, पति समेत 10 पर FIR


हाथरस में एक विवाहिता ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराते हुए पति समेत 10 ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उससे दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। एटा के पुढिया गांव निवासी वर्षा देवी ने महिला थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनकी शादी पांच वर्ष पहले सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के नगला गुलाबी गांव निवासी राजेश कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज में दो लाख रुपये और एक मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। वर्षा देवी ने आरोप लगाया कि ससुर ईशाचरन, सास सुखदेवी, दिलीप कुमार, नेहा देवी, जेठ सतीश, राजू, नंदोई अशोक कुमार तथा ननद रिंकी, पूजा और पूनम आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे धमकी देते थे कि यदि वह दो लाख रुपये और मोटरसाइकिल लेकर नहीं आई तो उस पर तेजाब डाल देंगे या उसकी हत्या कर देंगे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति राजेश कुमार ने एक बार उसे छत से नीचे फेंकने का प्रयास किया था। हाल ही में उसके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई और उसे सिकंदराराऊ के पंत चौराहे पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि ससुरालियों ने उससे कहा कि दहेज की मांग पूरी करने के बाद ही घर वापस आना। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *