![]()
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में कपड़े के व्यापारी से 4 लाख रुपये की कथित लूट का मामला जांच में फर्जी निकला। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि लूट की सूचना देने वाला युवक ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी के पास से 2 लाख रुपये बरामद किए हैं। रविवार रात करीब 8:30 बजे कुबेरपुर निवासी उवैद पुत्र मखफूर ने पुलिस को सूचना दी थी कि वह लालबाग स्थित ‘फैजुल कपड़े की दुकान’ से 4 लाख रुपये लेकर लौट रहा था। कस्तूरबा स्कूल के पास बाइक सवार दो लोगों ने उसे टक्कर मारकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। सूचना मिलते ही सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जांच के दौरान उवैद के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की। इसके बाद उसने स्वीकार किया कि लूट की कोई घटना नहीं हुई थी। उवैद ने बताया कि वह फैजुल से लिए गए पैसों में से 2 लाख रुपये शानू को देने जा रहा था, लेकिन उसकी नीयत बदल गई।
उसने अपने साथी इमाद पुत्र तनवीर खां को बुलाया और उसे 2 लाख रुपये देकर लूट की झूठी कहानी रच दी। योजना थी कि बाद में दोनों रुपये आपस में बांट लेंगे। पूछताछ में इमाद ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसने पैसे अपने पास छिपाकर रख लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 2 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने और रुपयों को हड़पने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी बनाई थी। बरामद रकम को मालखाने में जमा करा दिया गया है और दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
कपड़ा व्यापारी से 4 लाख की लूट की सूचना फर्जी:कायमगंज में पीड़ित ने दोस्त संग मिलकर रची थी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार