![]()
इटावा जिले की सैफई थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, नौ मोटरसाइकिल चेसिस, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और मोटरसाइकिलों को काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर सैफई थाना पुलिस रकूईया नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ग्राम कुर्रा की ओर से हवाई पट्टी की तरफ आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मैनपुरी के कस्बा कुर्रा निवासी अमन मंसूरी और रतीभानपुर निवासी सुग्रीव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीजीआई सैफई, इटावा और आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों के इंजन, चेसिस और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट्स बदलकर उन्हें बेच दिया जाता था। बाकी सामान कबाड़ में बेचकर पैसा कमाया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नगला चैनसुख के जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के दो अन्य सदस्यों जुनैद और प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से कई चोरी की मोटरसाइकिलें, कटी हुई चेसिस, पेट्रोल टंकियां, साइलेंसर और अन्य सामान बरामद हुआ। क्षेत्राधिकारी सैफई के.पी. सिंह ने बताया कि गिरोह के कुछ सदस्यों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस अब बरामद वाहनों की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की ये मोटरसाइकिलें किन-किन जनपदों से लाई गई थीं। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहन खरीदने वालों की तलाश भी जारी है।
Source link
सैफई पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश:चार गिरफ्तार, 5 मोटरसाइकिलें और 9 चेसिस बरामद