![]()
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। सीबीआई टीम ने लखनऊ के एक होटल से मामले के एक और आरोपित विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया है। दो दिनों के भीतर यह दूसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले बलिया से गोलू सिंह को पकड़ा गया था।
लखनऊ के होटल से विकास मिश्रा गिरफ्तार केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने शुक्रवार को लखनऊ के एक होटल में दबिश देकर विकास मिश्रा को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, वह हत्याकांड के आरोपितों में शामिल है और काफी समय से एजेंसी की निगरानी में था।
दो दिन में दूसरी गिरफ्तारी इससे पहले सीबीआई ने बुधवार रात बलिया से गोलू सिंह को गिरफ्तार किया था। लगातार दो गिरफ्तारियों से जांच एजेंसी को मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
ज्ञानेंद्र सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई सीबीआई उधर, हिस्ट्रीशीटर ज्ञानेंद्र सिंह के आत्मसमर्पण के बाद सीबीआई उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हो गई है। ज्ञानेंद्र सिंह के खिलाफ 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एजेंसी को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में हत्या की साजिश और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आएंगे।
हथियार और वाहन के नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसी सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार आरोपितों तक कैसे पहुंचे और वारदात में प्रयुक्त वाहन को पश्चिम बंगाल तक किस नेटवर्क के जरिए पहुंचाया गया। एजेंसी शूटरों और उनके सहयोगियों के बीच संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है।
छह मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या छह मई को पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम इलाके में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई ने पश्चिम बंगाल पुलिस से जांच अपने हाथ में लेकर एफआईआर दर्ज की थी। एजेंसी ने दिल्ली स्थित विशेष अपराध शाखा के डीआईजी के नेतृत्व में सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो हत्याकांड की विभिन्न कड़ियों की जांच कर रहा है।
Source link
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी:लखनऊ के होटल से विकास मिश्रा दबोचा गया; हिस्ट्रीशीटर ने किया सरेंडर