अवैध बालू खनन पकड़ने गई टीम से अभद्रता:अमरोहा में जब्त ट्राली छुड़ाने का प्रयास, 4 नामजद पर FIR


अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई खनन विभाग की टीम के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बालू से भरी जब्त ट्राली को रास्ते में रोककर उसे छुड़ाने का प्रयास किया गया। मामले में चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरनपुर के जंगल स्थित झील में लंबे समय से अवैध बालू खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर 28 मई की रात जिला खनन अधिकारी केवी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए बालू से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया। लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार खनन विभाग की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद खनन में संलिप्त लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद जिला खनन अधिकारी ट्राली को कब्जे में लेकर लौट आए और उसे कोतवाली तक पहुंचाने की जिम्मेदारी टीम में शामिल दो होमगार्ड और एक कर्मचारी को सौंपी। आरोप है कि रास्ते में गांव श्यौनाली निवासी अफसर, इशरत अली, अलमर जहां और हनीफ अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्राली को रोक लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने होमगार्डों के साथ अभद्रता की तथा ट्राली छीनने का प्रयास किया। होमगार्डों ने तत्काल घटना की सूचना जिला खनन अधिकारी को दी, जिसके बाद डिडौली कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की जांच के दौरान पता चला कि झील श्रेणी की भूमि से करीब 820 घनमीटर बालू का अवैध खनन और परिवहन किया गया था। इसके बाद जिला खनन अधिकारी केवी सिंह की तहरीर पर डिडौली पुलिस ने अफसर, इशरत अली, अलमर जहां और हनीफ के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *