![]()
देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में बेलवा दुबौली जमींदारी बांध के पास शुक्रवार रात करीब 8 बजे नदी किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कुछ युवक शाम के समय शौच के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पास पड़े एक अर्धनग्न शव पर पड़ी। शव देखकर युवकों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना एकौना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। आसपास के गांवों के लोगों को बुलाया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव नदी किनारे मिलने के कारण मौत को लेकर विभिन्न तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। अज्ञात शव मिलने की खबर के बाद क्षेत्र में मृतक की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एसएसआई इस्माइल खान ने बताया कि बेलवा दुबौली जमींदारी बांध के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और अन्य जनपदों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, पुलिस पहचान और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
Source link
देवरिया में नदी किनारे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला:पुलिस पहचान में जुटी, मौत के कारणों की जांच कर रही