![]()
कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बछाऊपुर मोड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथी भी चोटिल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सचेंडी के संभालपुर निवासी बलराम का पुत्र सौरभ कुशवाहा (18) अपने चार दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। देर रात रैकेपुर चौकी क्षेत्र के बछाऊपुर गांव के पास मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। संतुलन बिगड़ते ही कार कई बार उछलते हुए पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला। दुर्घटना में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल, जांच शुरू सूचना मिलते ही सचेंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पहले भी हो चुके हैं कई हादसे स्थानीय लोगों का कहना है कि बछाऊपुर मोड़ दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है और यहां पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। लोगों ने मोड़ पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है। सचेंडी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि कार पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।
Source link
सचेंडी में तेज रफ्तार कार पलटी:एक युवक की हालत गंभीर, 4 दोस्त भी घायल; बछाऊपुर मोड़ पर हादसा