![]()
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने गुरुवार को गोवर्धन रोड पर दो अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण ने इन कॉलोनियों में किए गए अनाधिकृत निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देशन और सचिव आशीष कुमार के नेतृत्व में की गई। प्राधिकरण के अनुसार, योगेश गोयल और हेमंत अग्रवाल गोवर्धन रोड पर रजवाह से लगभग 100 मीटर पहले करीब 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में एक अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। इसमें कच्ची सड़कें बनाई जा रही थीं। इस संबंध में वाद संख्या एमटीडीए/जेड-4/एएनआई/2026/0000915 दर्ज किया गया था। मिट्टी डालकर सड़क निर्माण इस मामले की सुनवाई के लिए 19 मार्च, 30 मार्च और 10 अप्रैल 2026 की तारीखें तय की गई थीं, लेकिन निर्माणकर्ता सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को ध्वस्तीकरण के आदेश जारी कर दिए गए। इसी तरह, एकता गौशाला के सामने हाईटेंशन लाइन के नीचे लगभग 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में मिट्टी डालकर सड़क निर्माण और कॉलोनी विकास का कार्य किया जा रहा था। इस पर वाद संख्या एमटीडीए/जेड-4/एएनआई/2026/0000916 दर्ज किया गया। इस मामले में भी सुनवाई के दौरान संबंधित पक्ष उपस्थित नहीं हुआ, जिसके परिणामस्वरूप 20 अप्रैल को ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए गए। प्राधिकरण द्वारा निर्धारित समय-सीमा में अवैध निर्माण नहीं हटाए जाने के बाद, 4 जून 2026 को दोनों स्थलों पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम के साथ गोवर्धन थाना पुलिस का पर्याप्त बल भी मौजूद था। एमवीडीए सचिव आशीष कुमार ने बताया कि विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सचिव आशीष कुमार ने आम जनता से अपील की कि वे भूखंड खरीदने से पहले संबंधित भूमि और कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें।
Source link
गोवर्धन रोड पर 2 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर:सचिव बोले- कार्रवाई जारी रहेगी