![]()
झांसी में चारधाम यात्रा पूरी कर हैदराबाद लौट रही एक बुजुर्ग महिला की तेलंगाना एक्सप्रेस में तबीयत बिगड़ने के बाद झांसी रेलवे स्टेशन पर मौत हो गई। महिला को सफर के दौरान सांस लेने में दिक्कत हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने रेलवे हेल्पलाइन से मदद मांगी। स्टेशन पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें अस्पताल रेफर किया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। हैदराबाद की आईसीएल कॉलोनी निवासी विद्यावती (65) पत्नी शांति कुमार 21 मई को अपने भतीजे मधु और कॉलोनी के अन्य परिवारों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। भतीजे मधु के अनुसार यात्रा सकुशल पूरी होने के बाद सभी लोग सोमवार को बद्रीनाथ से दिल्ली पहुंचे थे। यहां से उन्हें ट्रेन संख्या 12724 नई दिल्ली-हैदराबाद तेलंगाना एक्सप्रेस से हैदराबाद लौटना था। सभी यात्रियों का आरक्षण ट्रेन के स्लीपर कोच एस-2 में था। विद्यावती बर्थ संख्या 33 पर सफर कर रही थीं। ट्रेन जब झांसी पहुंचने वाली थी, तभी उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। इस पर मधु ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर मेडिकल सहायता मांगी। ट्रेन अपने निर्धारित समय रात 9:45 बजे के बजाय 38 मिनट की देरी से रात 10:23 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पहुंची। सूचना मिलने पर रेलवे डॉक्टर और अन्य कर्मचारी पहले से स्टेशन पर मौजूद थे। डॉक्टर ने महिला की जांच की और प्राथमिक परीक्षण में हार्ट अटैक की आशंका जताई। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें रेलवे अस्पताल भेजा गया। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही विद्यावती ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Source link
चारधाम यात्रा से लौट रही महिला को आया हार्ट अटैक:झांसी में ट्रेन से उतारकर हॉस्पिटल पहुंचाया, रास्ते में हो गई मौत