![]()
पीलीभीत में अखिल भारत हिंदू महासभा ने एक राजनीतिक दल के कार्यालय परिसर में खुले में पशु वध किए जाने का वीडियो को लेकर कड़ा विरोध जताया है। मंगलवार को संगठन के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से जनभावनाएं आहत हुई हैं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ज्ञापन में कहा गया है कि वीडियो में बकरीद के अवसर पर एक सार्वजनिक और राजनीतिक महत्व के स्थान पर पशु वध के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। हिंदू महासभा का कहना है कि संबंधित कार्यालय प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही का केंद्र है तथा उसके समीप एक मंदिर भी स्थित है। ऐसे में इस प्रकार की घटना से धार्मिक संवेदनशीलता प्रभावित होने और सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। संगठन ने प्रशासन से वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के समय और स्थान की तत्काल जांच कराने की मांग की है, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। ज्ञापन में कार्यालय से जुड़े कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों पर पूर्व में लगे विभिन्न आरोपों की भी जांच की मांग उठाई गई है। संगठन का आरोप है कि इन व्यक्तियों के खिलाफ भूमि विवाद, नजूल भूमि, शत्रु संपत्ति पर कथित अवैध कब्जा, अवैध प्लॉटिंग और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने संबंधी शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हिंदू महासभा ने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए समान होना चाहिए। संगठन ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र, निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, जिससे जिले में सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव मिश्रा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, महिला महामंत्री कविता वंशवाल सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
राजनीतिक कार्यालय में पशु वध का VIDEO का विरोध:पीलीभीत में हिंदू महासभा ने प्रदर्शन कर एडीएम को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग