![]()
फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में मंगलवार को एक दुकान को लेकर सास-बहू के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर थाना उत्तर के मुख्य गेट के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। मथुरा नगर निवासी पूनम यादव ने आरोप लगाया कि उनके ससुराल पक्ष के लोग उन्हें दुकान खाली कराने का दबाव बना रहे हैं। पूनम का कहना है कि वह उक्त दुकान में कैंटीन संचालित कर अपने दो छोटे बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। उनके परिवार में चार वर्षीय पुत्र और 11 माह की एक पुत्री है।
पूनम यादव के अनुसार, विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और दुकान में रखा फ्रिज भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के साथ उनका न्यायालय में पहले से मुकदमा चल रहा है और दुकान खाली होने की स्थिति में उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उनके पांच भाई हैं, लेकिन सभी अपने-अपने परिवारों की जिम्मेदारियों में व्यस्त हैं। ऐसे में वह अपने बच्चों के पालन-पोषण और जीवनयापन के लिए स्वयं संघर्ष कर रही हैं। सूचना मिलने पर थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए दोनों पक्षों की बात सुनी। थाना प्रभारी निरीक्षक अंजीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फिरोजाबाद में दुकान को लेकर सास-बहू के बीच विवाद:कैंटीन संचालिका बहू ने लगाया मारपीट और सामान तोड़फोड़ का आरोप, थाने के बाहर हंगामा