गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय का एलएलबी प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट अटका:5 जून से होनी है परीक्षा, छात्र परेशान, आक्रोश जताया


गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से संबद्ध लॉ कॉलेजों के एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के छात्रों का परिणाम अब तक घोषित नहीं किया गया है। वहीं, द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 जून से प्रस्तावित हैं। ऐसे में विद्यार्थियों में असमंजस और नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले लॉ कॉलेजों के लॉगिन पोर्टल पर प्रथम सेमेस्टर का परिणाम प्रदर्शित हुआ था। इस परिणाम पर कॉलेज प्रबंधन ने गंभीर आपत्ति जताई थी। उनका दावा था कि परिणाम बेहद कम, करीब ढाई प्रतिशत रहा है। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि यह आधिकारिक परिणाम नहीं है और इसे तकनीकी त्रुटि बताया गया था। रिजल्ट विवाद के बाद हुआ था प्रदर्शन विवादित परिणाम सामने आने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने विश्वविद्यालय और संबंधित कॉलेजों में विरोध प्रदर्शन किया था। छात्रों ने परिणाम को लेकर पारदर्शिता की मांग करते हुए जल्द सही रिजल्ट जारी करने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को जल्द परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया था। साथ ही, 27 मई से प्रस्तावित एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं को स्थगित कर 5 जून से कराने का निर्णय लिया गया था। परीक्षा से पहले भी नहीं आया परिणाम छात्रों को उम्मीद थी कि नई परीक्षा तिथि से पहले प्रथम सेमेस्टर का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है। परिणाम जारी न होने से विद्यार्थियों के सामने शैक्षणिक अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 34 लॉ कॉलेजों के छात्र लगातार परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रथम सेमेस्टर का परिणाम घोषित किए बिना अगले सेमेस्टर की परीक्षा कराना उचित नहीं है। इससे छात्रों की पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन की चुप्पी से बढ़ी चिंता विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परिणाम जारी होने की संभावित तिथि को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। इस संबंध में कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। परिणाम को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण छात्रों की चिंता लगातार बढ़ रही है। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द रिजल्ट जारी कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है, ताकि वे बिना किसी भ्रम के आगामी परीक्षाओं में शामिल हो सकें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *