![]()
चित्रकूट के कर्वी कोतवाली क्षेत्र स्थित मंदाकिनी नदी पुल पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिना नंबर प्लेट का गिट्टी लदा ट्रक बीच पुल पर खड़ा कर चालक फरार हो गया। ट्रक के कारण पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जानकारी के अनुसार, कर्वी तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान उनकी नजर बिना नंबर प्लेट के गिट्टी लदे एक ट्रक पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने वाहन को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि कार्रवाई की भनक लगते ही चालक ने ट्रक को पुल के बीचोंबीच खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने जीपीएस सिस्टम के जरिए वाहन को लॉक किया और मौके से फरार हो गया। चालक के अचानक भागने से प्रशासनिक अधिकारियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई। पुल पर लगा लंबा जाम, यात्री परेशान ट्रक के बीच पुल पर खड़े होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। कुछ ही देर में पुल के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी में घंटों जाम में फंसे यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई और जाम खुलवाने का प्रयास किया। साथ ही ट्रक मालिक और फरार चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। बिना नंबर प्लेट वाहन की भी जांच प्रशासन अब यह भी पता लगा रहा है कि बिना नंबर प्लेट का ट्रक किसका है और वह किस उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदाकिनी पुल जिले का प्रमुख और व्यस्त मार्ग है, जहां भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Source link
चित्रकूट में पुल पर ट्रक छोड़ भागा चालक:तहसीलदार की जांच से बचने को छोड़ा: GPS लॉक कर हुआ फरार, मंदाकिनी पुल पर लगा लंबा जाम