![]()
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 45 जिंदा कछुए बरामद किए। लावारिस हालत में कछुए बरामद किए गए। बरामद कछुओं की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जौनपुर से कछुओं को लादकर बिहार ले जाने की बात सामने आ रही है। जीआरपी जांच में जुटी है। दरअसल रविवार को रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को मुखबिर से सूचना मिली कि दून एक्सप्रेस के पिछले जनरल डिब्बे में अवैध रूप से कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई और संबंधित कोच में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को पांच संदिग्ध लावारिस बैग मिले। जब बैगों की जांच की गई तो उनमें बड़ी संख्या में जिंदा कछुए पाए गए। 36 छोटे और 9 बडबड़े कछुए मिले बरामद कछुओं में 36 छोटे और 9 बड़े कछुए शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बड़े कछुओं का वजन लगभग 10 से 15 किलोग्राम के बीच है। वन्यजीव तस्करी के इस मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कछुओं की कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है। आशंका जताई जा रही है कि इनकी तस्करी विदेशों तक किए जाने वाले नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि कछुओं को जौनपुर से ट्रेन में लादा गया था और इन्हें बिहार ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध तस्कर की तस्वीर भी मिली है। भीड़ का फायदा उठाकर तस्कर फरार हालांकि स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।रेलवे पुलिस ने बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले की सूचना वन विभाग को दे दी है। वन विभाग की टीम कछुओं की प्रजाति की पहचान करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी में जुट गई। साथ ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
Source link
वाराणसी के कैट स्टेशन पर ट्रेन में मिला कछुआ:दून एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में तस्कर कर रहे थे सफर, पुलिस तलाश में जुटी