चंचल सिरोही, स्वाति और वंदना ने कुश्ती में जीते मुकाबले:भदोही में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय महिला कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ


भदोही जिले के ऊज क्षेत्र स्थित मनवासा विद्या पब्लिक स्कूल मगापट्टी सुधबै में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय महिला कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 200 महिला पहलवानों ने भाग लिया। उद्घाटन के दिन 55 किलोग्राम वर्ग में गाजीपुर की चंचल सिरोही और मथुरा की स्वाति ने अपने-अपने मुकाबले जीते, जबकि 59 किलोग्राम वर्ग में चंदौली की वंदना ने जीत दर्ज की। 55 किलोग्राम भार वर्ग में गाजीपुर की चंचल सिरोही ने मेरठ की नीलम तोमर को हराया। इसी भार वर्ग के एक अन्य मुकाबले में मथुरा की स्वाति ने बुलंदशहर की मुस्कान को पराजित कर विजेता बनीं। 59 किलोग्राम भार वर्ग में चंदौली की वंदना ने वाराणसी की खुशी चौहान को हराकर जीत हासिल की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने पहलवानों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि कुश्ती एक पारंपरिक खेल है, जो स्वस्थ शरीर और अनुशासन की सीख देता है। उन्होंने विद्यालय में पहली बार प्रदेश स्तरीय कुश्ती खेल के आयोजन को गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि भदोही के खिलाड़ी क्रिकेट में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, और अब कुश्ती में भी जनपद के खिलाड़ी नाम कमाएंगे।
विशिष्ट अतिथि विधायक विपुल दुबे ने भी महिला पहलवानों से हाथ मिलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रामायण काल से ही कुश्ती का आयोजन होता रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का यह कार्य सराहनीय है। उन्होंने शिक्षा के साथ खेल को भी आवश्यक बताया और उम्मीद जताई कि आज प्रदेश स्तर पर हो रहे इस खेल के बाद भविष्य में इसी जनपद में राष्ट्रीय स्तर के खेल भी आयोजित होंगे। उन्होंने इसके लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कुश्ती संघ के संरक्षक एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश सिंह ने कहा कि प्रदेश भर से लगभग 200 बालिकाओं ने भदोही में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश सिंह मुन्ना, श्यामघर मिश्रा, अशोक कुमार गुप्ता, उत्कर्ष कौशिक, शेर बहादुर सिंह, योगेश मिश्रा, राहुल, डॉ. जितेंद्र यादव, माबुद खान, सुशील सिंह, जीतू पासवान, राजू सिंह, विकास नारायण सिंह और सूरज तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *