![]()
श्रावस्ती के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित एक मदरसे से 18 वर्षीय छात्र लापता हो गया है। परिजनों ने मदरसा प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं। चौगौई गांव निवासी जमील अली परिवार सहित मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। उनका बेटा सुहेल पिछले लगभग चार वर्षों से अड़राई गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम अल जामियातुल कादरिया में उर्दू की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, सुहेल 21 मई 2026 को अचानक मदरसे से गायब हो गया और तब से उसका कोई पता नहीं चला है। परिजनों का आरोप है कि छात्र के लापता होने की सूचना मदरसा प्रबंधन ने उन्हें नहीं दी। उन्हें किसी अन्य माध्यम से बेटे के गायब होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मदरसा संचालक से फोन पर संपर्क किया। परिजनों ने मदरसा संचालक पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं, मदरसा संचालक अब्दुल कादिर का कहना है कि 21 मई की रात सुहेल एक अन्य छात्र के साथ कहीं चला गया था। दूसरा छात्र वापस लौट आया, लेकिन सुहेल नहीं लौटा। उन्होंने बताया कि मदरसे की ओर से काफी खोजबीन की गई, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।
छात्र के चाचा और पिता जमील अली ने बीते 28 मई को सोनवा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को पढ़ाई के लिए मदरसे के सुपुर्द किया था और अब वे उसकी सकुशल वापसी चाहते हैं। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई की अपील की है। क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई 2026 को जमील अली निवासी चौगौई द्वारा थाना सोनवा पर प्रार्थना पत्र दिया गया था। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई है और छात्र की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर संभावित स्थानों पर खोजबीन व आवश्यक पूछताछ की जा रही है। प्राप्त तथ्यों और साक्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
Source link
श्रावस्ती में मदरसे से एक सप्ताह से छात्र लापता:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, मामला दर्ज कर तलाश जारी