गोरखपुर में सड़क पर खड़ी 8 रोडवेज बस सीज:DM-SSP ने जताई नाराजगी, अब बस स्टेशन के बाहर नहीं खड़ी होंगी बसें


गोरखपुर के रेलवे बस स्टेशन के आसपास सड़क पर बसें खड़ी कर यातायात बाधित करने पर कैंट पुलिस ने रोडवेज की आठ बसों को सीज कर दिया। यह कार्रवाई प्रशासन की चेतावनी के बावजूद सड़क पर बसें खड़ी मिलने के बाद की गई। रेलवे बस स्टेशन क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की समस्या को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने रेलवे बस स्टेशन और उसके आसपास के इलाके का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कई रोडवेज बसें सड़क पर खड़ी हैं, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और लोगों को जाम का सामना करना पड़ रहा है। खराब व्यवस्था पर अधिकारी ने जताई नाराजगी इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने आरएम को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा था कि किसी भी हालत में बसों को सड़क पर खड़ा नहीं किया जाएगा और सभी बसों की पार्किंग बस स्टेशन परिसर के अंदर ही सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारी बोले- खाली जगह का बेहतर उपयोग करें इसके अलावा शनिवार को फिर से रेलवे बस स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को परिसर में उपलब्ध खाली स्थान का बेहतर उपयोग करने का निर्देश दिया। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए टिनशेड बनवाने को भी कहा गया, ताकि उन्हें धूप और बारिश में खड़ा न रहना पड़े। हालांकि चेतावनी और निर्देशों के बावजूद रेलवे बस स्टेशन के आसपास सड़क पर बसें खड़ी मिलीं। इसके बाद कैंट थाना पुलिस ने शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़ी आठ रोडवेज बसों को चिह्नित किया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए सभी बसों को सीज कर दिया गया। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि बस स्टेशन परिसर में पर्याप्त जगह उपलब्ध है। परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी बसों को परिसर के भीतर ही खड़ा कराया जाए, ताकि सड़क पर जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *