पीलीभीत में कार को रस्सी से खींचकर जताया विरोध:सपा ने महंगाई-बिजली संकट के खिलाफ किया प्रदर्शन


पीलीभीत में समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई और उत्तर प्रदेश में गहराए बिजली संकट के खिलाफ सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत एक अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाईयों ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कार को रस्सी से खींचकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। शनिवार दोपहर को सपा के केजीएन कॉलोनी स्थित जिला कार्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्‌ठे हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने किया। पार्टी कार्यालय से शुरू हुआ यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा। रास्ते भर कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर थामे सरकार विरोधी नारे लगाते रहे। कार को रस्सी से खींचने का यह दृश्य राहगीरों के लिए भी कौतूहल का विषय बना रहा। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से बुरी तरह त्रस्त है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम आम आदमी के बजट से बाहर हो चुके हैं। यही वजह है कि आज हमें कार को रस्सी से खींचकर यह दिखाना पड़ रहा है कि गाड़ियां अब शोपीस बनकर रह गई हैं।” सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनता परेशान है। इसके साथ ही, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया और महंगाई व बेरोजगारी पर लगाम नहीं लगाई, तो समाजवादी पार्टी सड़क से संसद तक अपने आंदोलन को और अधिक उग्र करेगी। प्रदर्शन के अंत में महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन भी प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *