![]()
देवरिया जिले में हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक किसान की मौत हो गई और एक युवक झुलस गया। इन हादसों में दो रिहायशी झोपड़ियां भी जलकर राख हो गईं। खुखुंदू थाना क्षेत्र के नरायणपुर गांव निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार पुत्र राजदेव खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मृतक धर्मेंद्र अपने पीछे पत्नी बिंदू देवी और तीन छोटे बच्चों—12 वर्षीय आयुष, 8 वर्षीय अनन्या तथा 3 वर्षीय अश्वनी—को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उधर, भटनी क्षेत्र के सिंगहीडीह गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से एक हादसा हुआ। गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र मुसाफिर अपनी झोपड़ी में सो रहे थे, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से झोपड़ी में आग लग गई। बिजली के करंट से दीपक झुलसकर अचेत हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। इस हादसे में दीपक की दो झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग में घर में रखा राशन, भूसा, कपड़े और करीब पांच हजार रुपये नकद भी जल गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास की अन्य झोपड़ियों को बचाया जा सका। लगातार बदलते मौसम और बारिश के बीच आकाशीय बिजली की इन घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है। वहीं, पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।
Source link
देवरिया में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत:एक युवक झुलसा, दो रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख