अयोध्या में एक साल की बच्ची की मौत:ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, मां गंभीर घायल; जिला अस्पताल रेफर


अयोध्या जिले के इनायत नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस दुर्घटना में बच्ची की मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, इनायत नगर थाना क्षेत्र के मीठे गांव निवासी गुलाबचंद अपनी पत्नी विद्यावती और एक वर्षीय बेटी सानवी के साथ बाइक से शाहगंज क्षेत्र के पड़री गांव गए थे। घर लौटते समय रास्ते में सड़क पर बने एक ब्रेकर पर उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि ब्रेकर आने पर गुलाबचंद ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार एक वर्षीय सानवी और उसकी मां विद्यावती गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिल्कीपुर पहुंचाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉ. महिपाल सिंह ने जांच के बाद एक वर्षीय सानवी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विद्यावती की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने सड़क पर बने ब्रेकरों को व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *