बीजेपी नेता पर हमले के आरोपियों के घर मुनादी:रावतपुर में पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ दी सरेंडर की चेतावनी, नहीं तो होगी कुर्की


कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के छपेड़ा पुलिया में बीजेपी नेता सोनू राठौर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बीते दिनों कुछ दबंगों ने बीजेपी नेता सोनू राठौर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस पहले ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि कई आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ घरों पर पहुंची पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी रावतपुर पुलिस बुधवार को उनके घरों पर पहुंची और मुनादी कराई। पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ एलान किया कि यदि आरोपी जल्द सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी और घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए जाएंगे। सोशल मीडिया पर खुद को बता रहे निर्दोष वहीं दूसरी ओर फरार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को निर्दोष बता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। हालांकि अब तक पुलिस फरार आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, लेकिन मुनादी की कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों पर शिकंजा कस सकता है। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश रॉय ने बताया कि फरार आरोपियों के घर मुनादी कराई गई है। घटना के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। यदि आरोपी जल्द हाजिर नहीं होते हैं तो उनके घरों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *