आईजीआरएस शिकायतों में ढिलाई, नलकूप अधिकारी का वेतन रोका:डीएम ने दी चेतावनी, दो दिन में सुधार करें, वरना होगी कड़ी कार्रवाई


बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। विकास भवन सभागार में हुई इस बैठक में कई विभागों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, जिसके बाद अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति, जिला समाज कल्याण, जिला पंचायत राज, जिला बेसिक शिक्षा, जिला कार्यक्रम विभाग और नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारियों द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर ‘नेगेटिव निस्तारण आख्या’ अपलोड किए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इन अधिकारियों को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। नलकूप विभाग की स्थिति सबसे खराब पाई गई। विभाग द्वारा कई ‘नेगेटिव निस्तारण आख्या’ अपलोड किए जाने पर जिलाधिकारी ने नलकूप अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई मामलों में शिकायतकर्ताओं से फीडबैक नहीं लिया गया और न ही निस्तारण से संबंधित फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड किए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से संपर्क करें, उनका फीडबैक लें और निस्तारण के प्रमाण के तौर पर फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि दो दिन बाद पुनः समीक्षा की जाएगी। यदि किसी विभाग द्वारा फिर से ‘नेगेटिव आख्या’ अपलोड की गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए मामला शासन स्तर पर भेजा जाएगा। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *