मैनपुरी में अज्ञात पशु का कंकाल मिला:गौ रक्षक दल और पुलिस मौके पर, सैंपल जांच के लिए भेजे गए


मैनपुरी शहर कोतवाली क्षेत्र के पुलंदर की बगिया इलाके में कूड़े के ढेर के पास एक अज्ञात छोटे पशु का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। कंकाल मिलने की खबर तेजी से फैली, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। गौ रक्षा दल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। देर शाम इलाके से गुजर रहे लोगों ने कूड़े के ढेर पर कंकाल देखा। यह सूचना तत्काल पूरे क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय लोगों ने किसी साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संतोष कुमार, प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदौरिया और चौकी इंचार्ज सहित भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पशुपालन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पशुपालन विभाग के डॉक्टरों की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर कंकाल से मांस के नमूने एकत्र किए और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया। इसके बाद पूरे कंकाल को कब्जे में लेकर टीम अपने साथ ले गई। गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारियों से कंकाल के पशु की पहचान और उसे वहां फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए गहन जांच की मांग की।
सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम और सोशल मीडिया के जरिए रेलवे स्टेशन चौकी क्षेत्र के पुलंदर की बगिया इलाके में झाड़ियों के बीच छोटे पशु के कंकाल की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। उन्होंने पुष्टि की कि पशुपालन विभाग की टीम ने कंकाल के कुछ नमूने जांच के लिए लैब भेजे हैं। सीओ सिटी के मुताबिक पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *