शाहजहांपुर में बेटी के जन्मदिन पर पिता की मौत:लाइन ठीक करते समय लगा करंट, परिजन बोले- जानबूझकर चालू की गई बिजली


शाहजहांपुर में बिजली का काम करते समय संविदा पर तैनात एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य कर्मचारी भी घायल हुआ है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लाइन ठीक करने के बावजूद जानबूझकर बिजली चालू की गई, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अनुराग शुक्ला के रूप में हुई है। हरदोई जिले के शाहबाद क्षेत्र के बुध बाजार निवासी अनुराग शुक्ला पिछले करीब 20 वर्षों से शाहजहांपुर विद्युत विभाग में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम को अनुराग जेल के पास लाइन ठीक कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि लाइन ठीक करने से पहले बिजली बंद की गई थी, लेकिन जानबूझकर उसे फिर से चालू कर दिया गया। इससे अनुराग की मौत हो गयी और उनके साथ मौजूद एक अन्य कर्मचारी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मृतक का मोबाइल और पर्स गायब है। घटना के बाद विद्युत विभाग के एसडीओ अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने एसडीओ पर मृतक के रिश्तेदार के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। पुलिस ने बीच-बचाव कर एसडीओ को पुलिस चौकी के अंदर भेजा। बताया जा रहा है कि आक्रोशित परिवार ने एसडीओ के साथ भी मारपीट की है। परिजनों ने मांग की है कि मृतक की पत्नी को नौकरी दी जाए और उनकी पांच वर्षीय बेटी के लिए मुआवजा दिया जाए। उन्होंने मारपीट करने वाले एसडीओ और जेई के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने बताया कि 5 साल की बेटी अविदका का आज जन्मदिन है। ससुर ने कहा कि उनकी नातिन पहली बार उनके घर जन्मदिन मना रही थी और उन्हें दामाद के आने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें उनकी मौत की खबर मिली।सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि करंट लगने से एक लाइनमैन की मौत हुई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *