कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर दो बार मारपीट:सफाईकर्मी आपस में भिड़े, यात्रियों से भी झड़प, सुरक्षा पर सवाल


कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सोमवार को दो अलग-अलग मारपीट की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुई, जहां दो सफाईकर्मी आपस में भिड़ गए। उनके बीच पहले कहासुनी हुई, फिर गाली-गलौज और लात-घूंसे चलने लगे। यह हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि इतनी देर तक कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। कई यात्रियों ने इस घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में कैद किया। पहला विवाद जैसे-तैसे शांत हुआ ही था कि कुछ देर बाद जीआरपी थाने के सामने एक और घटना हो गई। यहां एक यात्री और एक पार्सलकर्मी के बीच लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गया। थाने के ठीक सामने हुई इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। लगातार हुई इन दो घटनाओं से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भय का माहौल बन गया। यात्रियों ने कहा कि रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले संवेदनशील रेलवे स्टेशन पर अगर इस तरह खुलेआम मारपीट होगी, तो सुरक्षा पर भरोसा कैसे किया जा सकता है। इस पूरे मामले पर जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर शिकायत मिलती है, तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *