![]()
बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के हिलवाड़ी गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर 25 वर्षीय मैकेनिक चंद्रपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही बबलू नामक युवक ने उसे फोन पर बुलाया और फिर मारपीट कर मौत के घाट उतार दिया। चंद्रपाल इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री का काम करता था। कुछ दिन पहले बबलू ने उससे एक कूलर ठीक करवाया था। जब चंद्रपाल ने बबलू से अपने पैसे मांगे तो बबलू ने उसे गांव के बाहर तालाब के पास बुलाया। वहीं दोनों के बीच विवाद हुआ और चंद्रपाल की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक चंद्रपाल तीन भाई थे। उसकी शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी छह माह की एक बेटी भी है। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। चंद्रपाल का शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अधिकारी और जनप्रतिनिधि लोगों को समझाते रहे। इसके बाद लोगों ने शव को हाईवे पर रखने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ा। अधिकारियों के आश्वासन पर परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद एक अभियुक्त को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अंतिम संस्कार के बाद मृतक की भाभी ने कमरे में पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास भी किया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते बचा लिया।
Source link
बागपत में मैकेनिक की पीट-पीटकर हत्या, एक गिरफ्तार:मुआवजे और नौकरी की मांग पर परिजनों का प्रदर्शन, पुलिस ने बल प्रयोग किया