संभल में 15 मिनट की बारिश, पारा 44°C तापमान:AQI 191 पहुंचा, सड़कों पर पसरा सन्नाटा; गर्मी से लोग परेशान


संभल में सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि हुई करीब 15 मिनट की हल्की बारिश भी लोगों को भीषण गर्मी से राहत नहीं दिला सकी। मंगलवार सुबह दिन निकलते ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सुबह 10 बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दोपहर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 191 दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के चलते दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक शहर की सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए महिलाएं सूती स्कार्फ से चेहरा ढककर निकल रही हैं, जबकि कई लोग छाते का सहारा ले रहे हैं। अप्रैल में जिले का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि मई में भी एक दिन पारा 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। नौतपा के पहले दिन हुई हल्की बारिश से मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आया और उमस बरकरार रही। गर्मी का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। जिला संयुक्त चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डॉक्टरों के अनुसार पेट दर्द, बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। स्थानीय दुकानदार अश्वनी कुमार ने बताया कि तेज गर्मी के कारण दोपहर में बाजारों में ग्राहक कम आ रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। वहीं सभासद रागिब ने कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के 15 जून के आसपास दस्तक देने की संभावना है। तब तक लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार कम हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *