आज प्रयागराज आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ:नगर निगम में करेंगे परियोजनाओं का लोकार्पण और गंगा दशहरा आरती में होंगे शामिल


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रयागराज नगर निगम में आयोजित “मेयर के तीन साल बेमिसाल” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे नगर निगम परिसर पहुंचेंगे और लगभग 45 मिनट तक विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नगर निगम के नव-निर्मित सदन हॉल का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। प्रयागराज नगर निगम के नए लोगो का अनावरण किया जाएगा तथा पिछले तीन वर्षों में हुए विकास कार्यों पर आधारित विशेष पुस्तिका का विमोचन भी होगा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। नगर निगम परिसर की विशेष साफ-सफाई कराई जा रही है। पूरे परिसर की धुलाई कर उसे चमकाया गया है, जबकि भवनों, सभागारों और आसपास के क्षेत्रों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं ताकि मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरा परिसर व्यवस्थित और स्वच्छ दिखाई दे। प्रयागराज के मेयर गणेश केशरवानी ने बताया कि बीते तीन वर्षों में नगर निगम ने शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री इन विकास कार्यों का अवलोकन करेंगे और आगामी योजनाओं के लिए दिशा-निर्देश भी देंगे। मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रयागराज का तेजी से विकास हुआ है। शहर में सड़कों, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का नगर निगम पहुंचना प्रयागराज के लिए गौरव का विषय है और नगर निगम परिवार तथा शहरवासियों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। नगर निगम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री संगम क्षेत्र पहुंचेंगे, जहां वह गंगा दशहरा आरती में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 7:05 बजे प्रयागराज से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *