![]()
फिरोजाबाद में आगामी बकरीद पर्व के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। सोमवार रात को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार शांतिपूर्ण और कानून व्यवस्था के दायरे में मनाया जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह फ्लैग मार्च शहर के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा, जहां पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस, पीएसी, खुफिया विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क पर नमाज अदा नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही नमाज पढ़ने की अपील की और बताया कि शासन की गाइडलाइन का पालन कराते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने जानकारी दी कि पूरे शहर की निगरानी ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी कैमरों और मोबाइल पुलिस टीमों के माध्यम से की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसका उद्देश्य बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
Source link
फिरोजाबाद में बकरीद से पहले हाई अलर्ट:SSP-DM ने फ्लैग मार्च निकाला, सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील