Kapil Sharma Firing | Petrol-Diesel Rate Hike

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से रही। 11 दिन में चौथी बार कीमतों में बढ़ोतरी हुई। जिसके बाद पंजाब में पेट्रोल 105 रुपए और चंडीगढ़ में 100 रुपए पार हो गया है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. चंडीगढ़ में रोपड़ के युवक ने गुस्से में अपनी बाइक फूंकी

चंडीगढ़ में सड़क पर हुए मामूली विवाद के बाद युवक ने गुस्से में अपनी ही बाइक को आग लगा दी। उसने बहस के दौरान ही बाइक की पेट्रोल टंकी खोली और उसमें जलती तीली डाल दी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड बुलाई लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान पंजाब के रोपड़ निवासी जसविंदर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक रविवार को दिन के समय जसविंदर अपनी बाइक से सेक्टर-37 और 41 की सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक आगे चल रही कार से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क पर बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान जसविंदर अचानक गुस्से में आ गया।

पुलिस ने कार ड्राइवर के बयान भी दर्ज किए, लेकिन उसने शिकायत देने से इनकार कर दिया। कार ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गाड़ी का नुकसान खुद ठीक करवा लेगा। उसने कहा कि युवक ने गुस्से में अपनी ही बाइक को आग लगा दी। ऐसे में वह किसी और विवाद में नहीं पड़ना चाहता। पुलिस ने आरोपी जसविंदर को हिरासत में लेकर मेडिकल करवाया (पढ़ें पूरी खबर)

2. पटियाला में पूरे परिवार के नहर में कूदने से पहले का VIDEO सामने आया

मोहाली के दंपती के पटियाला में 3 बच्चों संग नहर में कूदने से पहले बनाया VIDEO सामने आ गया है। 17 सेकेंड के इस वीडियो में व्यक्ति कहता है- हम अपने मां-बाप और बहनों से तंग आकर मरने लगे हैं। इसके जिम्मेवार मेरे मां-बाप और मेरी बहन होगी। बस यही जिम्मेवार हैं। इस वीडियो में वह खुद के साथ अपने तीनों बच्चों और पत्नी को भी दिखाता है।

दंपती ने पहले तीनों बच्चों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें नहर में फेंका। फिर खुद भी कूद गए। तीनों बच्चे तेज बहाव में बह गए और हाथ-पैर बंधे होने की वजह से जान बचाने की कोशिश भी नहीं कर सके। उनकी लाश एक किलोमीटर दूर मिली थी। वहीं दंपती के कूदने का पता चलते ही लोगों ने उन्हें बाहर निकाल लिया। वह जिंदा बच गए।

यह भी सामने आया है कि परिवार पहले जान देने के लिए रेल की पटरी पर लेटा था, लेकिन ट्रेन नहीं आई। इसके बाद इन्होंने नहर में छलांग लगाई। दंपती ने बच्चों को हाथ-पैर बांधकर फेंका था, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर लिया है (पढ़ें पूरी खबर)

3. कपूरथला मेले में लोगों से भरा झूला हवा में लटका, एक घंटे उल्टे फंसे रहे लोग

कपूरथला में मेले के दौरान पेंडुलम राइड झूला अचानक हवा में लटक गया। जिस वक्त ये घटना हुई, झूला लोगों से भरा हुआ था। झूला रुकते ही अफरातफरी मच गई। झूले में फंसे लोग चिल्लाने लगे। इससे परिजन भी बुरी तरह से घबरा गए। जिनके बच्चे झूले में बैठे थे, वह मां-बाप रोने लगे।

जब झूला टूटने का खतरा पैदा हो गया तो तुरंत झूला संचालक सामने आए। उन्होंने झूले को ठीक करना शुरू किया, लेकिन इसमें करीब एक घंटे का टाइम लग गया। जिसके बाद किसी तरह लोगों को नीचे उतारा गया। इसके बाद वह अपने घर लौट गए। कपूरथला के बेगोवाल में संत बाबा प्रेम सिंह जी की सालाना बरसी के सिलसिले में मेला लगा हुआ है। यह मेला 3 जून तक चलेगा।

रविवार रात को अचानक झूला फंस गया। झूला संचालकों ने कहा कि झूले में तकनीकी खराबी आ गई है। इस दौरान मौके पर कोई ऐसी सीढ़ी या दूसरा इंतजाम नहीं था कि झूले में फंसकर हवा में लटके लोगों को नीचे उतारा जा सके। इस वजह से वहां हड़कंप मच गया। वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई। नीचे खड़े कुछ मां-बाप बच्चों की जिंदगी को खतरा देख रोने लगे (पढ़ें पूरी खबर)

4. चंडीगढ़ में शराब का लंगर लगाने वाला गिरफ्तार

चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम शराब का लंगर लगाने के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए DJ मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने FIR में लिखा है कि शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में शराब ठेके के बाहर स्टॉल लगाकर लोगों को बर्फ के गोलों यानी चुस्की में वोदका मिलाकर मुफ्त में बांटते देखा गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद शराब ठेकेदार की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था।

हालांकि विवाद बढ़ने के बाद इसे डिलीट कर दिया गया। हालांकि, तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह काम किया गया है, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर इस बारे में जवाब मांगा गया है (पढ़ें पूरी खबर)

5. कपिल शर्मा के घर पर फायरिंग का दावा, पुलिस का इनकार

कॉमेडियन-एक्टर कपिल शर्मा के अमृतसर स्थित घर के बाहर सोमवार को फायरिंग होने की खबर आई। कपिल के परिवार से जुड़े सूत्रों ने दावा किया कि हमलावर बाइक पर आए और 2 राउंड फायरिंग करके भाग गए। अभी तक हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है।

ACP कमलजीत सिंह औलख ने कहा- गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। अमृतसर के पॉश इलाके हॉली सिटी में कपिल शर्मा का घर है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। घर और आसपास के VIP घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया। इस घर में कपिल के बहन और जीजा रहते हैं, जबकि कपिल शर्मा फिलहाल परिवार के साथ मुंबई में हैं।

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि फायरिंग की घटना को लेकर कुछ गैर-जिम्मेदार लोग अफवाहें फैला रहे हैं। इससे पहले कपिल शर्मा का कैप्स कैफे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में है। इस पर जुलाई, अगस्त और अक्टूबर 2025 में भी फायरिंग हुई थी। जुलाई में हुए हमले में हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की थी। तब हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी (पढ़ें पूरी खबर)

6. पंजाब में पेट्रोल-डीजल 11 दिन में चौथी बार महंगा, चंडीगढ़ में पेट्रोल ₹100 पार

पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल के रेटों में 11 दिन में चौथी बार बढोतरी हो गई है। सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.60 रुपए और डीजल में 2.70 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद पंजाब में पेट्रोल अब 105.44 रुपए और डीजल 95.38 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

मोहाली में पेट्रोल का रेट सबसे ज्यादा 105.99 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं चंडीगढ़ में पहली बार पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार चला गया है। यहां 2.5 रुपए बढ़ने के बाद पेट्रोल अब 101.53 रुपए प्रति लीटर और 2.53 रुपए बढ़ने के बाद डीजल 89.63 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

इससे पहले 15 मई, 19 मई और 23 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। पिछले 11 दिनों में पंजाब में पेट्रोल के दामों में कुल 7.25 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दामों में कुल 7.55 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। शिमला में भी इस बढोतरी के बाद पेट्रोल के रेट 100 रुपए पार हो गए हैं। टूरिस्ट सीजन से पहले यहां पेट्रोल 102.52 रुपए प्रति लीटर और डीजल 94 रुपए 88 पैसे प्रति लीटर हो गया है (पढ़ें पूरी खबर)

7. सुप्रीम कोर्ट ने कहा- मुख्यमंत्री के बयान से क्या हम आवारा कुत्तों वाला आदेश बदलेंगे?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कुत्तों को मारने के बयान को लेकर दायर याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है। याचिका में कहा गया था कि सीएम ने आदेश को गलत तरीके से पेश किया। उन्होंने ये गुमराह करने वाली बात फैलाई कि कोर्ट ने कुत्तों को मारने की खुली छूट दे दी है।

इस पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री कोई बयान देते हैं तो क्या हम अपना आदेश बदल दें। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को हाईकोर्ट में जाने के लिए कहा। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बैंच ने इस मामले में याचिकाकर्ता की बात सुनने से इनकार करते हुए कहा कि आदेश का सख्ती से पालन करने के लिए हाईकोर्ट को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आप वहां जाइए।

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों को लेकर याचिका पर आखिरी फैसला सुनाया था। जिसके बाद CM भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा था कि पंजाब सरकार 19 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के दिए गए आदेश का अक्षरशः पालन करेगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, हम ये कदम उठाएंगे (पढ़ें पूरी खबर)

8. ईद की छुट्‌टी बदली, कल भी सरकारी अवकाश

पंजाब में ईद की छुट्‌टी में बदलाव कर दिया गया है। सरकार के नोटिफिकेशन के मुताबिक अब ईद की छुट्‌टी 28 मई को रहेगी। पहले ये छुट्‌टी 27 मई को घोषित की गई थी। सरकार के मुताबिक भारत सरकार की तरफ से किए संशोधन के बाद यह फैसला लिया गया है। अब 28 मई को सभी सरकारी ऑफिस और स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। इस बारे में चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा की तरफ से सभी जिलों के अफसरों को सूचना भेजी गई है।

इसके अलावा कल यानी 26 मई को भी सरकारी छुट्‌टी रहेगी। सरकार ने 26 मई को नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत चुनाव की वोटिंग को देखते हुए छुट्‌टी की घोषणा की है। इस दिन पंजाब के साथ चंडीगढ़ में स्थित पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों, बोर्डों, कॉरपोरेशनों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी संस्थाओं में भी छुट्टी रहेगी

खबर जरा हटके:-

9. पठानकोट में लुटेरों से भिड़ा युवक, सिर पर ईंट मारी

पठानकोट में एक युवक लुटेरों से भिड़ गया। बहादुरी दिखाते हुए उसने स्कूटी पर भाग रहे लुटेरे के सिर में ईंट मार दी। जिससे एक लुटेरा स्कूटी से वहीं गिर गया। इसके बाद युवक ने फिर से ईंट उठाई और लुटेरों के सिर पर मारनी शुरू कर दी। हालांकि आखिर में लुटेरे वहां से भागने में कामयाब रहे लेकिन युवक ने उन्हें जख्मी करके ही छोड़ा।

दरअसल, युवक रविवार रात 10 बजे पैदल जा रहा था। तब स्कूटी सवार 2 युवकों ने दातर दिखा उसका आईफोन और 5 हजार रुपए कैश छीन लिया था। हालांकि वापस उसी रास्ते से गुजरते दोनों लुटेरों को युवक ने पहचान लिया और दूर से ईंट मार कर दोनों को स्कूटी से गिरा दिया।

बहादुरी दिखाने वाले युवक लोकेश कुमार उर्फ लक्की ने बताया कि वह रविवार रात वह बाइक पर घर जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक पर सवार 2 युवक उसके साथ-साथ चलने लगे। लक्की ने बताया कि उसे लगा कि शायद उसके ही गांव के कुछ दोस्त मजाक कर रहे हैं। इसी बीच बदमाशों ने चलती बाइक की चाभी घुमाकर बाइक बंद कर दी, जिससे लक्की की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर साइड में रुक गई (पढ़ें पूरी खबर)

10. कल का बिग इवेंट

  • 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों में वोट डाले जाएंगे।
  • सुबह 8 से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। EVM नहीं बैलेट पेपर से वोट डाले जाएंगे।

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.