![]()
देवरिया में भीषण गर्मी और उमस से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, तेज उमस के कारण लोगों को 45 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी महसूस हुई। इन गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए, जिला प्रशासन ने आगामी पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, हीटवेव यानी लू को लेकर रेड अलर्ट सबसे गंभीर चेतावनी मानी जाती है। यह तब जारी किया जाता है जब तापमान लगातार कई दिनों तक अत्यधिक स्तर पर बना रहता है और लू की स्थिति आम जनजीवन के लिए खतरनाक हो जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस दौरान हीटस्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है, खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों के लिए। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को एक वीडियो संदेश जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। डीएम ने लोगों को लगातार पानी पीते रहने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या कपड़े से ढकने का सुझाव दिया। उन्होंने लू लगने के लक्षणों में तेज सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी और शरीर का तापमान बढ़ना बताया। ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार करने और आवश्यकता पड़ने पर 108 एंबुलेंस सेवा की मदद लेने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने आकाशीय बिजली और नदियों में डूबने की घटनाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने ग्राम प्रधानों और संबंधित अधिकारियों को नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सार्वजनिक भवनों पर लाइटनिंग अरेस्टर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
Source link
देवरिया में तापमान 41 डिग्री; रेड अलर्ट:डीएम ने अगले पांच दिनों के लिए चेतावनी जारी की