गोमती नदी में उतराता मिला महिला और बच्चे का शव:सुसाइड नोट में लिखी प्रताड़ना की बात, शिनाख्त में जुटी पुलिस


लखनऊ के चौक इलाके में लेटे हुए हनुमान मंदिर के पास गोमती नदी में रविवार देर रात महिला और मासूम बच्चे के शव नदी में उतराता मिला। महिला के पास मिले सुसाइड नोट में देवर, सास और ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर जान देने की बात लिखी गई है। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक रविवार रात करीब नौ बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि लेटे हुए हनुमान मंदिर के पास गोमती नदी में एक महिला का शव उतराता दिखाई दे रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। महिला ने काले रंग का बुर्का और हरे रंग का सलवार सूट पहन रखा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सुसाइड नोट मिला। सुसाइड नोट में महिला ने अपना नाम कौसर जहां लिखा है। नोट में देवर, सास और अन्य ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर जान देने की बात कही गई है। हालांकि नोट में पते का जिक्र नहीं होने से महिला की पहचान और घर का पता नहीं चल सका है। पुलिस महिला की उम्र करीब 30 साल मान रही है। इसी दौरान महिला के शव से करीब 100 मीटर दूर एक छह वर्षीय बच्चे का शव भी नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्चे के शव को भी बाहर निकलवाया। बच्चे ने नीले रंग की जींस निकर और नीली टी-शर्ट पहन रखी थी। उसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस और स्थानीय लोगों को आशंका है कि बच्चा महिला का हो सकता है, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। दोनों शव काफी सड़ चुके थे। पुलिस का अनुमान है कि शव दो से चार दिन पुराने हैं और संभव है कि कहीं और से बहकर यहां पहुंचे हों। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही दोनों शवों की तस्वीरें पहचान के लिए सोशल मीडिया और शहर के सभी थानों में भेजी गई हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला और बच्चा एक साथ नदी में कूदे थे या उनकी हत्या कर शव नदी में फेंके गए। आशंका यह भी जताई जा रही है कि किसी ने सुसाइड नोट रखकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की हो। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की सही वजह साफ हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *