Gorakhpur Power Outage | Domestic Dispute Leads to High Tension Line Fault

अभिजीत सिंह | गोरखपुर2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

गोरखपुर में रामजानकीनगर इलाके में मंगलवार रात पति-पत्नी के घरेलू विवाद का असर करीब दो हजार घरों की बिजली सप्लाई पर पड़ा। रात करीब 10 बजे रामजानकीनगर फीडर अचानक ट्रिप हो गया। बिजली विभाग ने सप्लाई बहाल करने की कोशिश की, लेकिन बार-बार फॉल्ट आने के कारण तकनीकी टीम को लाइन की पेट्रोलिंग करनी पड़ी।

इस दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर साड़ियां और अन्य कपड़े फंसे मिले।

छत से फेंके कपड़े हाईटेंशन लाइन पर गिरे

बिजलीकर्मियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि पास के एक घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में पति ने घर में रखे कपड़े छत से बाहर फेंक दिए। ये कपड़े घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर जा गिरे और तारों में फंस गए।

कपड़ों के तारों में फंसने के बाद नमी और संपर्क के कारण स्पार्किंग हुई। सुरक्षा प्रणाली ने फीडर को ट्रिप कर दिया। इससे बिजली सप्लाई बंद हो गई और बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, करीब दो हजार घरों में अचानक अंधेरा छा गया। उमस और गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए और बिजली विभाग को शिकायतें करने लगे।

दो घंटे तक चली पेट्रोलिंग और मरम्मत

फॉल्ट की सूचना पर बिजलीकर्मी सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। शटडाउन लेने के बाद तारों में फंसे कपड़ों को सावधानी से हटाया गया। इसके बाद लाइन की जांच और आवश्यक मरम्मत की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बिजली सप्लाई बहाल हो सकी।

बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में किसी वस्तु का आना बेहद खतरनाक है। समय रहते फॉल्ट दूर नहीं होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाईटेंशन लाइनों के आसपास किसी तरह की वस्तु न फेंकें और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *