अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला दबाकर हत्या:प्रयागराज में सुबह सोकर उठे मासूम बच्चों ने खोला राज, पति बोला- गुस्से में दुपट्टे से गला कसा


प्रयागराज के पूरामुफ्ती में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बम्हरौली पुलिस चौकी के पास बने सर्वेंट रूम में रहने वाली 35 वर्षीय शबनम की उसके पति ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि सुबह जब बच्चे उठे तो मां को मृत हालत में देखकर रोते-बिलखते पड़ोसियों और फिर पुलिस चौकी पहुंचे। हालांकि देर शाम आरोपी हिरासत में ले लिया गया। 10 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, फूलपुर के पिड़ौना गांव की रहने वाली शबनम की शादी करीब 10 साल पहले चांद मोहम्मद उर्फ आलम से हुई थी। दंपती के दो बच्चों में आठ वर्षीय बेटी सना और छह वर्षीय बेटा इनायत अली हैं। परिवार बम्हरौली में एक मकान के बाहर बने सर्वेंट रूम में रहता था, जहां आरोपी मजदूरी करता था।
बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने दुपट्टे से गला कसकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से भाग निकला।
सुबह बच्चों ने मां को जगाया, नहीं खुली आंखें
रविवार सुबह दोनों मासूम बच्चे नींद से उठे तो मां को बिस्तर पर पड़ा देखा। काफी देर तक वे उन्हें जगाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कोई हरकत नहीं हुई। घबराए बच्चों ने पहले आसपास के लोगों को बुलाया और फिर सुबह करीब छह बजे बम्हरौली पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
मासूम बच्चों की बात सुनते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूरामुफ्ती थाना प्रभारी अविनाश कुमार फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अवैध संबंध के शक में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भाई ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई इमरान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि चांद मोहम्मद दहेज की मांग को लेकर शबनम को लगातार प्रताड़ित करता था। परिवार वालों के मुताबिक, शबनम कई बार अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी मायके वालों को दे चुकी थी।
इमरान ने बताया कि शबनम दो भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। परिवार को अंदेशा नहीं था कि घरेलू विवाद एक दिन उसकी जान ले लेगा। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
शव के पास बैठे रोते रहे बच्चे
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बच्चे काफी देर तक अपनी मां के शव के पास बैठे रोते रहे। उन्हें यह समझ नहीं आ रहा था कि उनकी मां अब कभी नहीं उठेगी। आसपास के लोगों ने जब कमरे में जाकर देखा तो घटना की जानकारी हुई।
क्या बोले एसीपी धूमनगंज
एसीपी धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति द्वारा पत्नी की हत्या का प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *