बलिया अस्पताल में स्टाफ नर्स से दुर्व्यवहार का आरोप:नर्सों ने कार्य बहिष्कार किया, सीएमएस कार्यालय के सामने धरना दिया


बलिया जिला अस्पताल में रविवार को स्टाफ नर्सों ने कार्य बहिष्कार कर सीएमएस कार्यालय के सामने धरना दिया। नर्सों ने सुखपुरा में कार्यरत एक कर्मचारी पर शनिवार रात ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स अनुराधा पटेल के साथ दुर्व्यवहार करने और उनके चेहरे पर हाथ से प्रहार करने का आरोप लगाया है। स्टाफ नर्सों ने चिकित्सक अधीक्षक को दिए शिकायत पत्र में बताया कि घटना के बाद सभी ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्सों ने इसकी सूचना सीएमएस डॉ. सुजीत कुमार, मैट्रन स्टाफ और अन्य चिकित्सकों को दी। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।
पत्र में नर्सों ने स्पष्ट किया कि जब तक आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वे अपने कार्यस्थल पर मौजूद नहीं रहेंगी। सभी स्टाफ नर्स सीएमएस कार्यालय में ही डटी रहेंगी। शिकायत पत्र पर रेशमी पांडेय, आशुतोष शर्मा, रंजना यादव, अंजली उपाध्याय सहित कई स्टाफ नर्सों के हस्ताक्षर हैं। इस घटना से नाराज स्टाफ नर्सों ने करीब पांच घंटे तक कार्य बहिष्कार किया, जिससे मेडिकल, हड्डी, इमरजेंसी, एनडीआर, बर्न और एनआरसी वार्ड की सेवाएं प्रभावित हुईं। सूचना मिलने पर प्रभारी सीएमओ डॉ. आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और नर्सों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। स्टाफ नर्सों की ओर से कोतवाली पुलिस को भी लिखित शिकायत दी गई है। प्रभारी सीएमओ डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है तथा आरोपी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने जानकारी दी कि मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *