हरदोई में 9 लाख की अवैध शराब जब्त:3 तस्कर गिरफ्तार, 5 फरार; दो कारों के नंबर फर्जी मिले


हरदोई में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। कछौना थाना पुलिस ने करीब 9 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब जब्त करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार अर्टिगा कारें भी बरामद की हैं, जिनमें से दो के नंबर फर्जी पाए गए हैं। इस संबंध में रविवार की शाम एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि यह कार्रवाई शनिवार देर रात की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग हरियाणा से शराब लेकर कछौना थाना क्षेत्र के खजोहना गांव आए हैं। वे इस शराब को कटियामऊ होते हुए हरदोई-लखनऊ मार्ग से बिहार ले जाने की फिराक में थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कटियामऊ-खजोहना मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। खजोहना की ओर से कुछ गाड़ियां आती दिखीं, जिन्हें पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया और घेराबंदी की। पुलिस ने जमीर पुत्र सगीर, अम्बार पुत्र मोहम्मद यूनुस और बबलू पुत्र इंद्रजीत को गिरफ्तार किया। तीनों कछौना कोतवाली के खजोहना गांव निवासी हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3276 पव्वे शराब, 594 बोतल ऑल सीजन ब्रांड की अंग्रेजी शराब और 168बोतल रॉयल स्टैग शराब बरामद हुई। इसके अलावा, 18,600रुपये नकद और इस्तेमाल की जा रहीं चार अर्टिगा कारें भी जब्त की गईं। गिरफ्तारी के दौरान, आरोपियों के पांच अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। इस संबंध में कछौना थाने में धारा 318(4)/319(2) बीएनएस, 207 एमवी एक्ट और धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गय। पुलिस ने कुल आठ आरोपियों को नामजद किया है, जिनमें गिरफ्तार किए गए जमीर, अम्बार और बबलू के अलावा अमित तिवारी, रोशन, विजेंद्र, दीपांकर उर्फ दीपू और अमित उर्फ मीते शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से बिहार शराब की तस्करी करते थे। कोतवाल अमित सिंह ने बताया इस गिरोह का मुख्य सरगना हरियाणा के सोनीपत निवासी अमित उर्फ मीते है, जो प्रति चक्कर चालक को 7000 रुपये देता था। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे शराब को बिहार के मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जिलों में ले जाकर बेचते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *