![]()
सीतापुर के महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पिपरीपुरवा गांव में शनिवार देर रात गर्भवती महिला के साथ कथित मारपीट के बाद प्रसव के दौरान नवजात बच्ची मृत पैदा होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पीड़ित सुनील कुमार का आरोप है कि बीती 18 मई को गांव के ही मंगली, अनिल, देशराज तथा उनकी पत्नी संगीता और पूजा ने उसकी गर्भवती पत्नी अर्चना देवी के साथ मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद अर्चना की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने के बजाय केवल शांतिभंग की कार्रवाई कर मामले को टाल दिया। शनिवार देर रात अर्चना देवी को प्रसव पीड़ा होने पर महमूदाबाद स्थित न्यू नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डिलीवरी के दौरान नवजात बच्ची मृत पैदा हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के कारण ही गर्भ में पल रही बच्ची की मौत हुई है। वहीं ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि न्यू नेशनल हॉस्पिटल को प्रसव कराने की मान्यता नहीं है, इसके बावजूद वहां डिलीवरी कराई गई।
घटना के बाद मृत बच्ची के परिजन अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। मृत बच्ची के पिता ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और मनमानी के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी अस्पताल में कथित लापरवाही के चलते एक महिला मरीज की मौत हो चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सीतापुर में गर्भवती महिला से मारपीट:प्रसव के दौरान मृत बच्ची का जन्म, पुलिस पर पक्षपात का आरोप