एडीजी अभियोजन ने प्रयागराज में किया औचक निरीक्षण:अपर महानिदेशक अभियोजन विश्वनाथ त्रिपाठी बोले- माफियाओं के मामलों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं


उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। सरकार के इसी सख्त रुख के तहत अब अभियोजन विभाग को भी सीधे मैदान में उतार दिया गया है। मुख्यमंत्री के कड़े आदेशों के बाद, अपर महानिदेशक अभियोजन (प्रयागराज परिक्षेत्र) विश्वनाथ त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट स्थित जीडी ऑफिस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं और अधिकारियों को माफियाओं के खिलाफ अदालतों में मजबूती से पैरवी करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद अपर महानिदेशक विश्वनाथ त्रिपाठी ने कहा कि अपराधियों और माफियाओं पर लगाम कसना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने साफ तौर पर निर्देश दिए हैं कि सभी लंबित और नए मामलों में अभियोजन अधिकारी इतनी मजबूती और मुस्तैदी से पैरवी करें कि कोई भी माफिया या शातिर अपराधी कानून की गिरफ्त से बचकर बाहर न निकल सके। सभी मामलों में अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना ही विभाग का मुख्य लक्ष्य है। इस मौके पर गैंगस्टर कोर्ट के वरिष्ठ सरकारी अधिवक्ता गुलाबचंद अग्रहरि ने कहा कि शासन और उच्चाधिकारियों से मिले दिशा-निर्देशों का जमीनी स्तर पर कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतीक अहमद के बेटे अली अहमद, मुजफ्फर और अन्य चिन्हित माफियाओं के खिलाफ कोर्ट में मुकदमों की पैरवी तेज की जाएगी। सरकारी अधिवक्ता ने भरोसा दिलाया कि वे इन अपराधियों के खिलाफ अदालत में पुख्ता सबूत पेश कर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। विभाग की इस आक्रामक रणनीति से साफ है कि आने वाले दिनों में प्रयागराज के बड़े माफियाओं की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ने वाली हैं, ताकि प्रदेश में कानून का इकबाल हर हाल में कायम रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *