लखनऊ10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को निशाना बनाने वाला गैंग सक्रिय हो गया है। अलग-अलग दिनों में हुई दो घटनाओं में महिलाओं के मंगलसूत्र और चेन चोरी होने के मामले सामने आए हैं। दोनों पीड़िताओं ने कृष्णानगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उन्नाव के इंद्रा नगर निवासी रामकुमारी ने पुलिस को बताया कि 19 मई की रात वह लालाबाग से बाराविरवा चौराहा पहुंचीं। वहां से शांति नगर जाने के लिए ऑटो में बैठीं। आरोप है कि रास्ते में कुछ महिलाएं ऑटो में चढ़ीं और धक्का-मुक्की करने लगीं। कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन के पास महिलाएं उतर गईं। शांति नगर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनका मंगलसूत्र गायब है।
वहीं, चिनहट के निजामपुर मल्हौर निवासी बबली भारती ने बताया कि वह 24 अप्रैल को ज्वाला देवी मंदिर दर्शन के लिए निकली थीं। कृष्णानगर मेट्रो से ऑटो में बैठने के बाद कुछ महिलाएं उनके साथ बैठीं और सफर के दौरान बार-बार पैर कुचलने व धक्का देने लगीं। मंदिर के पास उतरने पर उन्हें अपनी चेन चोरी होने की जानकारी हुई।
दोनों महिलाओं ने काफी तलाश के बाद भी आरोपित महिलाओं का सुराग न लगने की बात कही है। पुलिस का मानना है कि महिलाओं का कोई संगठित गिरोह भीड़भाड़ वाले ऑटो में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। फिलहाल तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।
