मुरादाबाद में जनगणना अभियान शुरू:जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के आवास से हुई शुरुआत


मुरादाबाद में जनगणना अभियान का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के आवास से हुआ। यह अभियान जिले भर में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। जनगणना के पहले चरण में प्रगणक टीम ने जिलाधिकारी आवास पर मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी की। टीम ने निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवास और परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां दर्ज कीं। अधिकारियों ने कर्मचारियों को पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह के आवास पर भी जनगणना टीम ने मकान सूचीकरण का कार्य किया। यहां भी आवासीय विवरण, परिवार के सदस्यों की संख्या और अन्य जरूरी सूचनाएं निर्धारित प्रपत्र में दर्ज की गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने जनगणना को देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में से एक बताया। उनके अनुसार, इसके आंकड़ों के आधार पर ही विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलेगा। नियुक्त प्रगणक और सुपरवाइजर घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। इस दौरान मकानों की स्थिति, परिवारों की संख्या, मूलभूत सुविधाओं और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारियों का संकलन किया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े शासन की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से सही जानकारी उपलब्ध कराकर अभियान में सहयोग करने की अपील की। जिलाधिकारी ने जनगणना कर्मियों को सभी सूचनाएं गंभीरता और गोपनीयता के साथ दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे। प्रशासन ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *