![]()
जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करौही बुजुर्ग में शुक्रवार सुबह एक किसान का शव खेत पर पेड़ से लटका मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान ग्राम करौही बुजुर्ग निवासी भगवान सिंह (55) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह खेत जाने के लिए घर से निकले थे। लगभग दो घंटे बाद, सुबह 8 बजे ग्रामीणों ने उनका शव खेत पर एक पेड़ से साफी के फंदे पर लटका देखा। मृतक के बेटे आशु ने बताया कि उनके पिता खेत के लिए निकले थे, जिसके कुछ समय बाद उनके फांसी लगाने की सूचना मिली। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो भगवान सिंह मृत अवस्था में पाए गए। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। पत्नी सुमन और बेटों आशु, धर्म कुमार सहित दो बेटियां सदमे में हैं। डकोर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बारीकी से जांच की। परिजनों ने फिलहाल आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट कारण की जानकारी नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा।
Source link
पेड़ से फंदे पर लटका मिला किसान का शव:जालौन में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जांच जारी