कुशीनगर में ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर, 3 लोग गंभीर घायल:हाईवे किनारे बने डंपिंग यार्ड में जलाया गया था कूड़ा


कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे नेशनल हाईवे-28 पर धुएं के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। रजत पिपरा क्रॉसिंग के सामने एक स्कॉर्पियो गलत दिशा में आगे बढ़ रही थी, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे की चपेट में एक फोर्ड कार भी आ गई, जो सड़क किनारे जाकर रुकी। दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह हाईवे पर फैला घना धुआं था। बताया गया कि नगर पंचायत फाजिलनगर द्वारा हाईवे किनारे बने डंपिंग यार्ड में कूड़ा जलाया गया था, जिससे पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। इसके कारण वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। दुर्घटना से पहले हाईवे पर फैले धुएं का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र और आसपास के गांवों का कूड़ा लंबे समय से हाईवे किनारे डंप कर जलाया जाता रहा है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *