बुलंदशहर में गहराया बिजली संकट:शहर-गांवों में आपूर्ति बाधित, ट्रिपिंग से ट्रांसफार्मर फुंकने की घटनाएं बढ़ीं


बुलंदशहर जिले में बिजली संकट गहरा गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मरों के फुंकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, चीफ इंजीनियर संजीव कुमार ने बिजली कर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। जिले के गेंदपुर शेखपुर गांव में पिछले एक महीने से बिजली आपूर्ति बाधित है। यहां 25 केवी का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण भीषण गर्मी में ग्रामीणों और बच्चों को भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर शिकायतें अनसुनी करने का आरोप लगाया है और 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है। यह मामला बुलंदशहर के चंदेरू फीडर और बिलसुरी बिजलीघर क्षेत्र से संबंधित है। जिले के नगर और देहात क्षेत्रों में करीब तीन से 10 घंटे तक बिजली गुल रही। रात के समय बिजली गुल होने से अधिकांश लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा, जिससे उपभोक्ताओं को काफी असुविधा हुई। नरसेना क्षेत्र के दौलतपुरकलां विद्युत उपकेंद्र से जुड़े यूनिसपुर, कपसाई, बलरामपुर, गजरौला, फरीदाबांगर, मवई, नरसेना और मौजपुरा गांवों में विद्युत आपूर्ति नौ घंटे तक बाधित रही। अन्य क्षेत्रों में भी बिजली कटौती दर्ज की गई। डिबाई में गुरुवार रात करीब 11 बजे से बिजली गुल रही। बुगरासी क्षेत्र में लगभग तीन घंटे, खानपुर में करीब एक घंटे और नरौरा क्षेत्र में भी एक घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। अहार क्षेत्र में तीन घंटे, अनूपशहर नगर क्षेत्र में लगभग दो घंटे और देहात में साढ़े चार घंटे तक बिजली गुल रही। सिकंदराबाद के देहात क्षेत्र में 10 घंटे, जहांगीरपुर क्षेत्र में करीब छह घंटे और छतारी में लगभग 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *