![]()
चंदौली के बबुरी क्षेत्र में लगातार हो रही रात्रि बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार देर रात सैकड़ों की संख्या में लोग बबुरी पावर हाउस पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अपोलो फैक्ट्री की बिजली सप्लाई बंद कर धरने पर बैठते हुए बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की मनमानी के कारण भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले करीब 15 दिनों से गांवों में रात के समय केवल 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल रही है। गर्मी और उमस के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की हालत खराब हो रही है। लोगों का आरोप है कि जहां गांवों में सीमित बिजली दी जा रही है, वहीं अपोलो फैक्ट्री को 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई मिल रही है। ग्रामीणों के मुताबिक गांवों में मुश्किल से 7 से 8 घंटे बिजली पहुंच पा रही है। भाजपा कार्यकर्ता ने जताई नाराजगी धरने के दौरान बबुरी निवासी महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू ने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से भाजपा के कार्यकर्ता हैं और सपा-बसपा सरकार के समय भी बिजली के लिए इसी उपकेंद्र पर धरना दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए शर्म की बात है कि राज्यसभा सांसद और विधायक उनकी ही पार्टी के होने के बावजूद क्षेत्र के लोगों को बिजली के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। महेंद्र सेठ ने कहा कि उनकी पत्नी तक ताना मारती हैं कि “कैसे भाजपा नेता हैं, जो बिजली तक नहीं दिला पा रहे।” अधिकारियों पर फोन न उठाने का आरोप समाजसेवी श्रीप्रकाश ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जेई प्रदीप कुमार समेत अन्य अधिकारियों पर फोन न उठाने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने उच्च अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर गांवों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।
Source link
चंदौली में देर रात बिजली कटौती पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:बबुरी पावर हाउस पर धरना, अपोलो फैक्ट्री की बिजली रोकी