सीतापुर में घर में चोरी, परिवार छत पर सोता रहा:चोर नकदी-जेवर समेत 4 बक्शे ले गए, खेतों में मिले टूटे बक्शे


सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के अतारापुर गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी और जेवरात समेत हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घर के पीछे से चार टूटे हुए बक्शे बरामद किया है। पीड़ित सुन्दरलाल के पुत्र ने बताया कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार के सभी लोग रात में घर की छत पर सो रहे थे। देर रात करीब 12:30 बजे तक परिवार के सदस्य जाग रहे थे, लेकिन इसके बाद सभी सो गए। इसी दौरान मौका पाकर चोर घर में घुस आए और कमरे में रखे बक्से तथा अन्य सामान खंगाल डाला। सुबह जब परिवार के लोग उठे, तब घटना की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा पड़ा था और कई बक्से गायब मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद, शकुंतला देवी की पाहैयल, झूमके समेत अन्य जेवरात उठा ले गए। इसके अलावा कपड़ों से भरे बक्से भी चोर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। बाद में घर के पीछे खेतों में चोरी किए गए चार बक्से पड़े मिले। चोर बक्सों में रखे कपड़े छोड़कर बाकी कीमती सामान अपने साथ ले गए थे। पीड़ित परिवार ने तत्काल घटना की सूचना रामकोट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुटी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *