![]()
कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी दफ्तर में महिला सहकर्मी से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। कैंट एसीपी के हस्तक्षेप के बाद बुधवार को महिला सीनियर असिस्टेंट की शिकायत पर उनके सहकर्मी सीनियर असिस्टेंट सुनील कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता महिला सीनियर असिस्टेंट ने अपनी प्राथमिकी में बताया कि यह घटना 15 मई को नलकूप कार्यालय परिसर में हुई थी। वह कॉल पर बात कर रही थीं, तभी सहकर्मी सुनील कुमार ने उनके पास आ गए और निजी अंगों को छुआ। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। जबरन घसीटकर गलत हरकत करने का प्रयास किया। जब पीड़िता ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया, तो आरोपी ने उनका मुंह दबाया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस पर गंभीर आरोप पीड़िता का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और पुलिस स्टेशन ले गई। हालांकि, बाद में पुलिस ने कथित तौर पर साठगांठ कर आरोपी को छोड़ दिया। इस घटना के बाद से पीड़िता डरी हुई है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। एसीपी के हस्तक्षेप पर प्राथमिकी दर्ज थाना में सुनवाई न होने से निराश पीड़िता ने कैंट एसीपी से शिकायत की। एसीपी ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता का आरोप है, अगर क्षेत्रीय पुलिस समय से कार्रवाई करती तो वह ख़ुद को असुरक्षित महसूस ना करती। थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सरकारी दफ्तर में महिला सहकर्मी से छेड़छाड़:पुलिस पर आरोपी को छोड़ने का आरोप, एसीपी के हस्तक्षेप पर मुकदमा दर्ज