![]()
बाराबंकी में गुरुवार सुबह बड्डूपुर क्षेत्र के रीवा सीवा गांव के पास शारदा सहायक नहर में दो डॉल्फिन देखी गईं। डॉल्फिन के पानी में तैरने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे जमा हो गए, जिससे इलाके में कौतूहल का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन दारोगा ओपी यादव ने अपनी टीम के साथ नहर का निरीक्षण किया और डॉल्फिन की उपस्थिति की पुष्टि की। विभाग ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और डॉल्फिन को किसी भी नुकसान से बचाने के लिए निगरानी शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नहर में पानी का स्तर काफी कम है, जिससे डॉल्फिन के फंसने या घायल होने का खतरा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से एक विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। यह टीम डॉल्फिन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की रणनीति बना रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि देखी गई डॉल्फिन में से एक मादा और दूसरी उसका बच्चा हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही की जाएगी। वन रेंजर मयंक सिंह ने जानकारी दी कि डॉल्फिन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए संबंधित विभाग से नहर में अतिरिक्त पानी छोड़ने पर बातचीत की जा रही है। विभाग की टीम किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए है। ग्रामीणों में डॉल्फिन को लेकर उत्साह देखा गया, वहीं वन विभाग ने लोगों से नहर के पास भीड़ न लगाने और डॉल्फिन को परेशान न करने की अपील की है।
Source link
बाराबंकी की शारदा सहायक नहर में दिखीं दो डॉल्फिन, VIDEO:वन विभाग टीम रेस्क्यू में जुटी, लखनऊ से विशेषज्ञ बुलाए