मऊ में भीषण सड़क हादसा दो युवकों की मौत:दो गंभीर घायल, अनियंत्रित अर्टिगा दीवार से टकराकर गड्ढे में पलटी


मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बलुआ पोखरा के पास एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकराकर गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों में से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों में से एक की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान नवापुरा निवासी 26 वर्षीय रियाज अहमद पुत्र इकबाल अहमद और इटौरा कोपागंज निवासी 28 वर्षीय रामआशीष यादव पुत्र रामजनम के रूप में हुई है। जमालपुर निवासी 25 वर्षीय आकाश यादव पुत्र रामनगीना गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें हायर सेंटर भेजा गया है। दूसरे घायल युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। घोसी कोतवाल प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि अर्टिगा गाड़ी में चार लोग सवार थे और वे नदवासराय की तरफ से आ रहे थे। बलुआ पोखरा स्थित लेखपाल भवन के सामने कार अनियंत्रित होकर एक घर की दीवार से टकराई और गड्ढे में पलट गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *